Search

September 16, 2026 8:23 pm

गणपति महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति संग संस्कृति का रंग, महाआरती में उमड़ा जनसैलाब

नृत्य प्रतियोगिता में कोलकाता से भागलपुर तक के कलाकारों ने बिखेरा हुनर, बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल।

राजकुमार भगत

पाकुड़। रेलवे मैदान में सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित 28वें गणपति महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को आस्था, भक्ति और संस्कृति का मनमोहक संगम देखने को मिला। सुबह से ही पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद आयोजित भव्य महाआरती में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गणपति के जयकारों से पूरा रेलवे मैदान गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।
पुरोहित सजल चटर्जी एवं शुभो सहाना ने विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाआरती के बाद सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, सहायक उपाध्यक्ष डीबीएल ब्रजेश कुमार, वार्ड पार्षद निभा देवी, ईआरएमयू अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे, सचिव संजय कुमार ओझा, सहायक स्टेशन प्रबंधक कुमार विकास एवं राणा शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत अविनाश पंडित, अजीत कुमार, तन्मय पोद्दार, पिंटू हाजरा, राज चौधरी, अंकित शर्मा, बुवाई रजक एवं अंकित मंडल ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया।

कोलकाता से भागलपुर तक के कलाकारों ने बांधा समां

सांस्कृतिक संध्या में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में कोलकाता, मालदा, रामपुरहाट, जंगीपुर, भागलपुर और साहिबगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका कोलकाता से आए उज्ज्वल हालदार एवं शंकर लाल साहा ने निभाई। उद्घोषक कैलाश मध्यान्ह ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में लगातार उत्साह बनाए रखा।
कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खासकर बाल कलाकारों की आकर्षक और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों की तालियों से रेलवे मैदान गूंजता रहा। देर रात तक लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चौकस

महोत्सव में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। निरीक्षक-सह-प्रभारी अनिल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी रवि राकेश ने कार्यक्रम स्थल पर निगरानी रखी। कार्यक्रम का संचालन अनिकेत गोस्वामी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पूजा के संस्थापक हिसाबी राय, संजय कुमार राय, रणजीत राम, निर्भय कुमार सिंह, नितिन मंडल, रवि पटवा, अग्नि अंश राज, अभिषेक कुमार, कृष्ण घोष, रतुल दे एवं साकेकुल आलम समेत समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। दूसरे दिन का आयोजन देर रात तक भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!