पाकुड़। उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगापाड़ा में समर कैंप के तहत आयोजित रंगोली प्रतियोगिता ने पूरे विद्यालय परिसर को रंगों और रचनात्मकता से सराबोर कर दिया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता और कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों ने फूलों, रंगों और प्राकृतिक सामग्रियों से आकर्षक रंगोलियां बनाईं। उनकी कृतियों में प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव जैसे विषय साफ झलके। रंग-बिरंगी रंगोलियों ने न सिर्फ परिसर की खूबसूरती बढ़ाई, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों का भी मन मोह लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हर प्रतिभागी ने पूरी लगन और मेहनत के साथ अपनी प्रस्तुति दी, जिससे समर कैंप का माहौल और भी जीवंत हो उठा।
प्रधानाध्यापक आनंद कुमार भगत ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को मजबूत करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समर कैंप का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों की अहम भूमिका रही। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की सराहना की गई और सभी प्रतिभागियों को आगे भी इसी उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।







