Search

May 21, 2026 12:09 am

जल संकट से परेशान लोगों की आवाज बना राजद,डीसी से मिल ग्रामीण इलाकों की बदहाल स्थिति से कराया अवगत

पाकुड़: राष्ट्रीय जनता दल के पाकुड़ जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पाकुड़ डीसी से मुलाकात की। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने डीसी को क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया।मुलाकात के दौरान महावीर मड़ैया ने जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और उससे उत्पन्न पेयजल संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि जिले के कई इलाकों में स्थिति इतनी गंभीर है कि लोग झरने का पानी पीकर गुजारा करने को मजबूर हैं। उन्होंने डीसी से आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।पेयजल के अलावा, राजद अध्यक्ष ने धरमपुर से पाकुड़ तक की सड़क की दयनीय स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और गड्ढों में तब्दील हो गई है।धूल कणों और खराब सड़क के कारण दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी लाने की सख्त जरूरत है।महावीर मड़ैया ने बताया कि उपायुक्त ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना है।उन्होंने सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने और पेयजल की समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया है। उपायुक्त ने आगामी एक-दो दिनों में लेटर पैड पर आवेदन के माध्यम से उन विशिष्ट जगहों को चिह्नित कर देने को कहा है जहाँ पेयजल की सबसे ज्यादा किल्लत है।राजद अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि स्थानीय विधायक के प्रयासों से कुछ पेयजल योजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है और आने वाले समय में जिले की जनता को इन मूलभूत समस्याओं से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!