पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गई। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिले में विशेष मैपिंग अभियान शुरू किया गया है, जो आगामी एक सप्ताह तक चलेगा। अभियान के तहत उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदाता सत्यापन और विशेष मैपिंग कार्य का अवलोकन करते हुए संबंधित बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने अभियान को गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम प्रकाशित सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम अनमैप्ड पाया जाता है, तो वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन एवं मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जिले के किसी भी पात्र मतदाता को मतदाता सूची से वंचित नहीं रहने देना है, ताकि सभी योग्य मतदाताओं का नाम संबंधित मतदान केंद्र से सही तरीके से जुड़ा रहे।








