पाकुड़। जिला समाहरणालय स्थित डीएसपी कार्यालय में सोमवार को नए मुख्यालय डीएसपी उज्ज्वल कुमार साह ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही कार्यालय के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने उनका गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद डीएसपी साह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम जनता में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध पर कड़ी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि उज्ज्वल कुमार साह इससे पूर्व सीआईडी में डीएसपी के पद पर कार्यरत रहे हैं। वे पहले पाकुड़ नगर थाना सहित महेशपुर थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों से परिचित होने के कारण उनसे पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।






