Search

May 24, 2026 9:54 pm

गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, रांची में एआइएमआइएम के सदस्यता अभियान में बोले पूर्व विधायक अकील अख्तर

रांची के हिन्दपीड़ी इलाके में शनिवार को ऑल इंडिया मजलिस- ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की झारखंड प्रदेश कमेटी द्वारा मिलन समारोह सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं एआईएमआईएम के वरिष्ठ नेता अकील अख्तर मुख्य रूप से शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एआइएमआइएम झारखंड में लगातार जनाधार मजबूत कर रही है और पार्टी समाज के हर वर्ग की आवाज बनकर काम कर रही है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की। अपने संबोधन के दौरान अकील अख्तर ने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देश में लंबे समय से गाय के मुद्दे पर राजनीति होती रही है, ऐसे में सरकार को स्पष्ट नीति बनाकर ठोस निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गौ संरक्षण को लेकर गंभीर है तो केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि प्रभावी और व्यावहारिक कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, शांति और संविधान की मजबूती पर भी बल देते हुए कहा कि देश की एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने AIMIM की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को राज्यभर में मजबूत करने का संकल्प लिया। मौके पर AIMIM झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर, प्रदेश महासचिव डॉ. नासिम अंसारी, इंतेखाब अंसारी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सीमा परवीन, प्रदेश संगठन महासचिव मेहताब आलम, प्रदेश सचिव अब्दुल मोकीत, पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता अफिफ अमसल, पूर्व जिलाध्यक्ष शामसाद आलम सहित कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!