अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़ : थाना परिसर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अंचलाधिकारी औसफ अहमद खां और थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा ने की।
बैठक में अंचलाधिकारी औसफ अहमद खां ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नमाज के समय संबंधित स्थलों पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो मौके पर मौजूद रहेंगे।
वहीं थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। उपद्रव करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी ईदगाहों और प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में एसआई चंदन कुमार, पप्पू कुमार, संतोष मुर्मू, एएसआई होपना मरांडी, संनतोल हेम्ब्रम, धनंजय मंडल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मुखिया ग्यालाल देहरी, तनवीर अली, लियाकत अली, मो. मुस्लिम अंसारी, महफूज समेत कई ग्रामीण एवं गणमान्य लोग भी बैठक में शामिल हुए।








