पाकुड़। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लू से बचाव और पेयजल संकट से निपटने के लिए उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक स्तर पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री झारखंड सरकार एवं मुख्य सचिव के निर्देशों के आलोक में जिला प्रशासन ने सभी विभागीय कार्यालय प्रधानों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनिवार्य रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उपायुक्त के निर्देश के बाद आज सोमवार को जिले के सभी प्रखंडों और नगर परिषद क्षेत्रों में अभियान चलाकर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की गई। इस पहल से राहगीरों, मजदूरों और आम नागरिकों को भीषण गर्मी में काफी राहत मिल रही है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें और लू से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं। जिला प्रशासन ने कहा है कि जनहित में ऐसी व्यवस्थाएं आगे भी लगातार जारी रहेंगी, ताकि गर्मी के इस कठिन दौर में किसी को परेशानी न हो।







