Search

May 27, 2026 10:09 pm

ईद-उल-जुहा (बकरीद) को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं: उपायुक्त।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पावन अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग, समर्पण, प्रेम और मानवता का संदेश देता है। सभी लोग आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना के साथ त्यौहार मनाएं तथा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उपायुक्त ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। जिले के सभी संवेदनशील स्थलों एवं थाना क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरा, वीडियोग्राफी एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट साझा करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें। सभी लोग मिल-जुलकर प्रेम, शांति एवं भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं और जिले की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सामाजिक एकता को मजबूत करें।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!