पाकुड़िया। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) पाकुड़ की ओर से चलाए जा रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को पाकुड़िया प्रखंड के डोमनगड़िया पंचायत में जागरूकता शिविर लगाया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
शिविर में ग्रामीणों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा रोकथाम, महिला अधिकार एवं निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इसी दौरान जेंडर रिसोर्स सेंटर में बाबुझूटी पंचायत के बड़ासिंहपुर गांव से जुड़े एक पारिवारिक विवाद का आपसी समझौते से निपटारा कराया गया। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया। मौके पर पारा लीगल वॉलंटियर्स सीमा साहा, प्रियंका झा, मल्लिका सरकार, जेंडर रिसोर्स सेंटर के सदस्य, पंचायत के गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे।





