Search

May 31, 2026 12:53 am

धंसी पुलिया बनी हादसे का इंतजार, रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं सैकड़ों स्कूली बच्चे

पाकुड़िया। प्रखंड क्षेत्र के पाकुड़िया कर्बला मैदान से खैराकांदर, जुगड़िया समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित खैरा कांदर तिराहे के पास बनी पुलिया जर्जर होकर धंस गई है। पुलिया के ऊपरी हिस्से का आधे से अधिक भाग टूट जाने से वहां बड़ा सुराख बन गया है, जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार यह पुलिया काफी पुरानी हो चुकी है। समय के साथ इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई और अब पुलिया के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। इसके अलावा ग्रामीणों का मुख्य आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंधेरे में आने-जाने वाले अनजान राहगीरों या वाहन चालकों के लिए यह पुलिया जानलेवा साबित हो सकती है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण नाफिल मियां, सुधीर कुमार, संजय रजक, वर्षण हेम्ब्रम सहित दर्जनों लोगों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से अविलंब संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने जर्जर पुलिया को तोड़कर नई और मजबूत पुलिया का निर्माण कराने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल सुविधा का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा का भी मामला है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय जनहित में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!