राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़)। क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। रविवार देर रात अंचलाधिकारी (सीओ) मनोज कुमार ने हाथीगढ़-पतना पथ स्थित दुलमी चेकनाका के पास औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, सीओ चेकनाका का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान दुर्गापुर की ओर जा रहे बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जांच के लिए रोका गया। जांच में वाहनों के पास खनन एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर हिरणपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि बिना वैध दस्तावेज के अवैध रूप से बालू परिवहन किए जाने के कारण दोनों वाहनों को जब्त किया गया है। इस मामले में ट्रैक्टर मालिकों एवं चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। गौरतलब है कि क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन का धंधा लगातार जारी है। अमड़ापाड़ा के पोखरिया से दराजमाठ होते हुए तथा लिट्टीपाड़ा के डहरलांगी से हाथीगढ़ मार्ग के रास्ते दिन-रात बालू का अवैध परिवहन किए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कारोबार में कुछ माफिया तत्व सक्रिय हैं, जो प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद धंधे को बेरोकटोक संचालित कर रहे हैं। इधर, 10 जून से एनजीटी के नियम लागू होने वाले हैं। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध खनन और परिवहन पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





