Search

September 24, 2026 12:00 am

हूल दिवस की तैयारी को लेकर झामुमो जिला समिति की बैठक, जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कार्यकर्ताओं से जुटने का किया आह्वान

30 जून को अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव सहित वीर शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि।

पाकुड़। झामुमो जिला समिति की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 30 जून को मनाए जाने वाले हूल दिवस की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी ने जिला मुख्यालय में हूल दिवस को भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया है।
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि हूल दिवस के अवसर पर अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव सहित अन्य वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए सभी प्रखंड अध्यक्ष और सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को समय पर पहुंचने की अपील करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ता लगातार काम करें और ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रिय भागीदारी से ही संभव होती है। बैठक में झामुमो जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष हूल दिवस को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचकर वीर शहीदों को नमन करें।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर सचिव नूर आलम, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष-सचिव सहित जिला मीडिया प्रभारी आफताब आलम और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!