Search

June 17, 2026 12:21 am

बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं: 30 पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश, उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी।

डीटीओ ने कहा- पेट्रोल पंप सड़क सुरक्षा की पहली कड़ी, नियमों का पालन कर बचाई जा सकती हैं लोगों की जान

पाकुड़। सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर जिला परिवहन कार्यालय ने मंगलवार को जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में संचालित करीब 30 पेट्रोल पंपों के मालिक और मैनेजर शामिल हुए। बैठक में परिवहन विभाग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराने को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। डीटीओ ने साफ कहा कि अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके लाइसेंस के निलंबन या रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। सभी पेट्रोल पंपों पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में “बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं” का बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है। बैठक में कहा गया कि पेट्रोल पंप परिसर में सीसीटीवी कैमरा हमेशा चालू हालत में रहना चाहिए। नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए ईंधन नहीं दिया जाए। साथ ही पेट्रोल पंप कर्मियों को भी हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।

पेट्रोल पंप पर नहीं खड़े होंगे ओवरलोड वाहन

परिवहन विभाग ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि परिसर में ओवरलोड वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाए। ऐसे वाहन जिनमें क्षमता से अधिक माल लदा हो, वाहन में अवैध बदलाव किए गए हों या डाला जोड़कर चलाया जा रहा हो, उन्हें पेट्रोल पंप परिसर में जगह नहीं दी जाए।

साफ-सफाई, पानी और शौचालय की व्यवस्था जरूरी

बैठक में पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों और यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, मेडिकल किट समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। इन मानकों के पूरा नहीं होने पर नए लाइसेंस और लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया रोकी जा सकती है। सभी पेट्रोल पंपों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े पंपलेट और बैनर लगाने, पीयूसी सेंटर की व्यवस्था करने और मोटर वाहन अधिनियम 1988 के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

पेट्रोल पंप सड़क सुरक्षा की पहली कड़ी, डीटीओ।

जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी ने कहा कि पेट्रोल पंप सड़क सुरक्षा अभियान की पहली कड़ी हैं। बिना हेलमेट वाहन चालकों को ईंधन नहीं देकर कई लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी संचालकों से नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की। बैठक में मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार और सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह मौजूद रहे। सभी 30 पेट्रोल पंप संचालकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने का संकल्प लिया।

img 20260616 wa0069436415479050153577
img 20260616 wa00686695059862846274182

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!