SIR-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण व डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण, समय पर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश।
इकबाल हुसैन
महेशपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ यादव रविवार को स्वयं गांवों में पहुंचे और गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने रामपुर पंचायत के लखीपुर और जयपुर पंचायत के पत्थरघाटा गांव में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने संबंधित पर्यवेक्षकों, बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों को निर्देश दिया कि एक भी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रपत्रों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके। डॉ. सिद्धार्थ यादव ने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित पर्यवेक्षक, बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी मौजूद रहे।






