Search

July 6, 2026 12:07 am

सरकारी कार्य के दौरान आंगनबाड़ी सेविका पर हमला, छेड़खानी का प्रयास; पत्रकार पति को लोहे की रॉड से मारकर किया लहूलुहान।

हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव की एक सेविका ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिकायतकर्ता श्रावणी प्रमाणिक ने आवेदन में बताया है कि शनिवार सुबह करीब सात बजे वह अपने घर पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित सरकारी कार्य कर रही थीं। इसी दौरान गांव के कुछ लोग कथित रूप से हथियार लेकर उनके घर पहुंचे, आंगन में किए गए पक्के सीमांकन को क्षतिग्रस्त कर जबरन घर में प्रवेश कर गए। आवेदन के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और एसआईआर से जुड़े फॉर्म व डायरी फाड़ दिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी का प्रयास किया। श्रावणी प्रमाणिक ने बताया कि शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी और अपने पति अजित ठाकुर को घटना की जानकारी दी। उनका आरोप है कि मौके पर पहुंचने पर आरोपियों ने उनके पति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में कुछ महिला आरोपियों ने भी उनके साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर हिरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हिरणपुर भेजा। पीड़िता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी पहले भी उनके पति पर हमला कर चुके हैं तथा नौकरी छुड़वाने और पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते रहे हैं।
हिरणपुर थाना में नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!