नगर थाना इलाके में थमता नहीं दिख रहा चोरियों का सिलसिला, दहशत में लोग।
मौके पर पहुंचे एसडीपीओ और थाना प्रभारी, चोरों की तलाश में पुलिस की गहन छानबीन।
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा मोहल्ले में बीती रात चोरों ने पुलिसिया गश्त को चुनौती देते हुए दो घरों में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने दोनों मकानों के दरवाजों के ताले और लॉक कटर से काट डाले और अंदर रखा भारी मात्रा में कैश, जेवर सहित कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए। घटना रात करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने सिंधीपाड़ा निवासी मृदुल भट्टाचार्य और अमित कुमार के सूने घरों को निशाना बनाया। भुक्तभोगी परिवारों ने बताया कि चोर घर में रखे लॉकर और अलमारियां तोड़कर सारा कीमती सामान ले गए हैं। हालांकि, चोरी गए सामान की कुल कीमत का सटीक आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन नुकसान लाखों में होने की आशंका है।सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध, गमछे से छिपा रखा था चेहरा। घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव और नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जब मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, तो उसमें दो संदिग्ध चोर नजर आए। एक चोर के मुंह में गमछा और लूंगी पहनावा था अब दूसरा वाला फुल पैंट में था जिसके मुंह में भी गमछा बंधा हुआ था
जल्द होगा मामले का खुलासा: पुलिस
मामले को लेकर एसडीपीओ कुमार गौरव ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों के हुलिए और कद-काठी का मिलान किया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। दावा है कि जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वहीं दूसरी ओर, शहर में लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों में पुलिसिया गश्त को लेकर भारी नाराजगी है।








