पाकुड़। शिक्षा विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत पाकुड़ की नई जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) के रूप में प्रियाश्री भगत ने शनिवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला और विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। राज्य सरकार ने पाकुड़ के तत्कालीन जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार को पदोन्नति देते हुए अगले आदेश तक साहेबगंज का जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) बनाया है। उनके स्थान पर प्रियाश्री भगत की नियुक्ति की गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद नई डीएसई ने विभाग के लंबित कार्यों, विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने की बात कही। शिक्षा विभाग में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






