पाकुड़। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर शनिवार को जिला परिवहन विभाग की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-133ए) के प्रमुख चौक-चौराहों का संयुक्त निरीक्षण कर यातायात संबंधी समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अंबेडकर चौक, प्यादापुर चौक, मौलाना चौक, जेहली चौक और अजहर इस्लाम अस्पताल चौक का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भारी वाहनों के आवागमन में आने वाली दिक्कतों, सड़क और चौक पर अतिक्रमण, गड्ढों, सड़क की कम चौड़ाई, वाहनों के मोड़ने में होने वाली परेशानी तथा रॉन्ग साइड से वाहन चलने जैसी समस्याओं का आकलन किया। इन कमियों को दूर कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात को अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने पर चर्चा हुई। निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मुजाहिद अंसारी, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह तथा रोड इंजीनियर एनालिस्ट मो. अजहद अंसारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर चिन्हित समस्याओं के शीघ्र समाधान की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद टीम ने चांदपुर स्थित ऑटो-टोटो स्टैंड का भी निरीक्षण किया। यहां पार्किंग व्यवस्था, टोटो चालकों के वाहन पंजीकरण, निर्धारित ड्रेस, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी टोटो चालकों को मोटर वाहन अधिनियम और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।







