Search

August 26, 2026 12:06 am

बैठक में बाहरी लोगों की मौजूदगी पर भड़के पार्षद, सामूहिक बहिष्कार से नगर परिषद की कार्यवाही ठप

पाकुड़: नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को एसआईआर मामले को लेकर बुलाई गई विशेष बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही सभागार में बाहरी लोगों की मौजूदगी पर सभी वार्ड पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया और सामूहिक रूप से बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। पार्षदों के वॉकआउट के बाद बैठक बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गई। नगर परिषद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विशेष बैठक में केवल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी 21 वार्ड पार्षदों को आमंत्रित किया गया था। बैठक शुरू होने पर सभागार में अन्य लोगों की मौजूदगी देखकर पार्षदों ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि जब बैठक केवल बोर्ड सदस्यों के लिए अधिसूचित थी, तब बाहरी लोगों को शामिल करने की अनुमति कैसे दी गई। इसे जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए सभी पार्षदों ने एकजुट होकर बैठक का बहिष्कार कर दिया। इधर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि बैठक का उद्देश्य किसी की भावना आहत करना नहीं था। उनके अनुसार, यह कार्यक्रम एसआईआर प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण एवं जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। फॉर्म भरने में लोगों को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रक्रिया समझने के इच्छुक कुछ प्रबुद्ध नागरिकों को जनहित में शामिल होने की अनुमति दी गई थी।
हालांकि कार्यपालक पदाधिकारी की सफाई के बावजूद पार्षद अपनी आपत्ति पर कायम रहे। उनके बहिष्कार के कारण बैठक की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी और एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई निर्णय नहीं हो सका। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई और नई बैठक को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!