पाकुड़िया (पाकुड़)। बुधवार को होने वाले पवित्र पर्व मिलाद-उन-नबी को लेकर मंगलवार को पाकुड़िया थाना पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च पाकुड़िया बाजार से शुरू होकर सिदो-कान्हू चौक होते हुए पाकुड़िया तथा मोंगलाबांध क्षेत्र तक पहुंचा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के जरिए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने लोगों से मिलाद-उन-नबी का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ या विवादित संदेश साझा करने से बचें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व को लेकर क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा देखने को मिला।








