पाकुड़िया। पलियादाहा पंचायत के गुनगुनिया गांव में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्र को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का विरोध खुलकर सामने आया। ग्रामीणों ने सड़क की जमीन पर स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाए जाने का आरोप लगाते हुए निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। उनका कहना है कि सार्वजनिक रास्ते पर भवन बनने से गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। ग्रामीणों के अनुसार, स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण के लिए जिस स्थान का चयन किया गया है, वह वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने स्थानीय 16 आना रैयतों, ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति लिए बिना ही वहां निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
इस मामले में कुछ दिन पहले ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों और 16 आना रैयतों ने संयुक्त रूप से अंचल अधिकारी, पाकुड़िया को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थल पर कराने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद कुछ दिनों तक निर्माण कार्य बंद रहा, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ठेकेदार ने फिर उसी स्थान पर निर्माण शुरू करा दिया। सोमवार को इससे नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में निर्माण स्थल पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि वे स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि सड़क की जमीन पर निर्माण का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि गांव में अन्य उपयुक्त भूमि उपलब्ध है, जहां उपकेंद्र का निर्माण कराया जा सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सड़क की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा विवादित स्थल पर निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।






