महेशपुर/अमड़ापाड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महेशपुर और अमड़ापाड़ा प्रखंड समितियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर योग्य मतदाताओं का प्रपत्र भरवाने तथा उन्हें हर संभव सहयोग देने का निर्देश दिया। महेशपुर प्रखंड कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देने और प्रपत्र भरने में सहयोग करने को कहा। बैठक में पंचायतवार अभियान की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर पर समन्वय के साथ कार्य तेज करने पर जोर दिया गया। वहीं, अमड़ापाड़ा के पहाड़पुर स्थित झामुमो प्रखंड कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम और जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने कार्यकर्ताओं को सभी पंचायतों में सक्रिय रहकर मतदाताओं का प्रपत्र भरवाने, ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराने और किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने नहीं देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक, बीएलए-2 और पार्टी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटें। दोनों बैठकों में जिला, प्रखंड, महिला, युवा, छात्र एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।








