खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदलने और मरम्मत करने की मांग
पाकुड़: पाकुड़िया प्रखण्ड के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की लचर व्यवस्था और महीनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को लेकर ग्रामीणों की परेशानी अब प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष जुली क्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, पाकुड़ के कार्यपालक अभियंता को एक आधिकारिक पत्र सौंपकर जनहित में अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि पाकुड़िया प्रखंड के कई गांवों में ट्रांसफार्मर जलने और खराब होने के कारण स्थानीय जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और कृषि कार्य के इस महत्वपूर्ण समय में बिजली न होने से न सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और पेयजल आपूर्ति पर भी गहरा असर पड़ा है। जीप अध्यक्ष का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महीनों से ट्रांसफार्मर खराब रहना बेहद चिंताजनक है। विभाग अविलंब इन्हें बदले या मरम्मत करे, ताकि जनता को राहत मिल सके।
इन गांवों में महीनों से अंधेरा, ट्रांसफार्मर बदलने की मांग
अध्यक्ष द्वारा विभाग को सौंपी गई सूची के अनुसार निम्नलिखित क्षेत्रों में लंबे समय से विद्युत सेवा बाधित है जिसमें मोगलाबांध पंचायत:ग्राम-टेकीडुबा सड़क टोला में लगा 25 केवीए (25 kVA) का ट्रांसफार्मर पूरी तरह खराब है।लागडुम पंचायत: ग्राम-लागडुम डहारनंगी टोला में 16 केवीए (16 kVA) का ट्रांसफार्मर बंद पड़ा है।
गड़गांव लतार टोला: इस क्षेत्र में भी 16 केवीए (16 kVA) का ट्रांसफार्मर खराब होने से अंधेरा पसरा है।ग्राम-पाकुड़िया ग्वालपाड़ा: घनी आबादी वाले इस क्षेत्र का मुख्य 100 केवीए (100 kVA) का बड़ा ट्रांसफार्मर ठप है, जिससे पूरा मोहल्ला प्रभावित है।
कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
जिला परिषद अध्यक्ष ने कार्यपालक अभियंता से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन सभी स्थानों पर अविलंब नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं अथवा खराब पड़े ट्रांसफार्मरों की अविलंब मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने विभाग को सख्त निर्देश दिया है कि की गई कार्रवाई से उनके कार्यालय को भी लिखित रूप से अवगत कराना सुनिश्चित करें। इस पत्र की प्रतिलिपि उचित समन्वय हेतु पाकुड़ के उपायुक्त (डीसी) को भी सादर सूचनार्थ प्रेषित की गई है।





