अक्षय कुमार
घाटो। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह में सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद एवं हाउस कैबिनेट का गठन लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने सभी नवनिर्वाचित एवं चयनित विद्यार्थियों को बैज व सैश पहनाकर कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे घाटो थाना प्रभारी दीपक कुमार एवं राष्ट्रीय एथलेटिक्स विजेता राजीव रंजन (वरीय प्रबंधक खेल विभाग टाटा स्टील वेस्ट बोकारो डिवीजन) का विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी द्वारा पुष्पगुच्छ एवं चित्रांकन भेंट कर हार्दिक स्वागत किया।


मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नवगठित छात्र परिषद को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना ही सच्चे छात्र नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। चुनाव परिणाम के अनुसार कक्षा ग्यारहवीं का छात्र आतिश कुमार हेड बॉय तथा छात्रा अवनी सिन्हा हेड गर्ल के रूप में चयन हुआ। प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी एवं वरिष्ठ शिक्षकों- शिक्षिकाओं ने सभी नवनिर्वाचित एवं चयनित विद्यार्थियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया। पूरा विद्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा-भाव, उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का सशक्त मंच है।

उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों से ईमानदारी, समर्पण एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विद्यालय के मुख्य चुनाव समन्वयक ज्ञान प्रकाश के नेतृत्व में एवं सभी शिक्षकों के सहयोग से संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।





