Search

July 10, 2026 3:19 pm

मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला को बातों में उलझाकर सोने की चेन-कंगन ले उड़े बदमाश,सीसीटीवी में कैद हुई वारदात।

नगर में बढ़ती चोरी-ठगी की घटनाओं से दहशत, लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग।

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर में लगभग हर दूसरे दिन चोरी, छिनतई और ठगी की नई वारदात सामने आने से लोगों में भय का माहौल है। शुक्रवार सुबह एक और सनसनीखेज घटना में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला को दो शातिर बदमाशों ने बातों में उलझाकर विश्वास में लिया और उनके गले की सोने की चेन तथा हाथ का सोने का कंगन लेकर बाइक से फरार हो गए। घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:40 बजे की है। जानकारी के अनुसार, सिंधीपाड़ा जैन गली निवासी श्रीमती मोनी लखमानी मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत के बहाने उन्हें अपने झांसे में ले लिया। कुछ ही देर में दोनों शातिर महिला के सोने के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए। घटना का अहसास होने पर महिला ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता के पति किशोर लखमानी ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात कही गई है, जिससे उनकी पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर आरोपियों की जल्द पहचान, गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। शहर में लगातार हो रही चोरी और ठगी की घटनाओं ने नगरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि अब सुबह घर से निकलने में भी डर लगने लगा है। रोज नई वारदात सामने आने से ऐसा लगने लगा है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों का सुरक्षा पर भरोसा कायम रह सके।

img 20260710 wa00085167107538598610757
img 20260710 wa00073311737516264561051

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!