पाकुड़िया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को पीएमश्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय, पाकुड़िया में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने छात्राओं को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, शिक्षा का अधिकार, कौशल विकास तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासित जीवन अपनाने, लक्ष्य निर्धारित करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। पैनल अधिवक्ता एल्बिना किस्कू और सुचंद्रा पांडे ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है, जिसके तहत जरूरतमंदों को मुफ्त अधिवक्ता की सुविधा दी जाती है। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की प्रक्रिया की जानकारी भी दी तथा नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में बताते हुए इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में डायन प्रथा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों एवं उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षिकाएं, पारा लीगल वॉलंटियर्स सीमा साहा, प्रियंका झा, मल्लिका सरकार, पिंटू मरांडी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।








