Search

September 6, 2026 11:06 pm

लूट के चार दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, स्वर्ण कारोबारियों में आक्रोश

स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष अमड़ापाड़ा पहुंचे, बोले- जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन।

अमर भगत

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट के चार दिन बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्वर्ण व्यवसायियों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है। रविवार को अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी और राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार के राष्ट्रीय संरक्षक उमेश प्रसाद रांची से अमड़ापाड़ा पहुंचे। दोनों ने पत्रकारों से बातचीत कर पुलिस से जल्द लूटकांड का खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। 2 सितंबर को तीन नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलर्स में धावा बोलकर लाखों रुपए के आभूषण लूट लिए थे। वारदात के दौरान अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग भी की थी। दुकान में मौजूद आकाश वर्मा और एक कर्मचारी ने भागकर जान बचाई थी। मामले में कांड संख्या 68/26 दर्ज है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी माध्यमों से अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है। गोपाल प्रसाद सोनी ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायी सरकार को राजस्व देते हैं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा पर सवाल उठना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा। जरूरत पड़ने पर डीजीपी से भी मुलाकात की जाएगी।
राष्ट्रीय संरक्षक उमेश प्रसाद ने कहा कि राज्य के अलग-अलग जिलों में स्वर्ण व्यवसायियों से जुड़ी आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। सोनी ने जरूरतमंद स्वर्ण व्यवसायियों को सरल प्रक्रिया से हथियार लाइसेंस उपलब्ध कराने पर विचार करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि व्यवसायी सुरक्षित रहेंगे, तभी निर्भीक होकर कारोबार कर सकेंगे।
मौके पर दुकान संचालक मनोज वर्मा, सत्यनारायण वर्मा, पप्पू वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!