चार छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, पुलिस जांच में जुटी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काशीला गांव के दुकान टोला में गुरुवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के सहरपुर लातार टोला निवासी बाबूजन हांसदा (37) के रूप में हुई है। शव गांव में एक घर के दरवाजे के पास फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया।
प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे ग्रामीण।
स्थानीय लोगों और जिला परिषद सदस्य मंजुला हांसदा के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। बताया जाता है कि बाबूजन हांसदा का काशीला गांव आना-जाना था। परिजनों के मुताबिक काशिला गांव की एक लड़की से साथ उनके प्रेम संबंध थे। दोनों के घर आसपास होने के कारण उनके बीच संपर्क बना रहता था। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रेम प्रसंग की चर्चा के बीच पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चार छोटे बच्चों की जिम्मेदारी परिजनों के सामने।
परिजनों के अनुसार, बाबूजन हांसदा की पहली पत्नी ने दूसरी शादी कर ली थी। उनके चार छोटे बच्चे पिता के साथ रहते थे। युवक की मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य को लेकर परिवार के सामने बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
घटना की सूचना ग्रामीणों ने पहले गांव के चौकीदार को दी, जिसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही युवक की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।







