पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को विभिन्न प्रखंडों और नगर परिषद क्षेत्र में विशेष डिजिटाइजेशन कैंप लगाकर मतदाता प्रपत्रों को डिजिटल रूप देने का काम किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों ने कैंपों का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा, हिरणपुर और अमड़ापाड़ा प्रखंडों के अलावा पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पाकुड़ प्रखंड व नगर परिषद तथा महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के महेशपुर और पाकुड़िया प्रखंड में अधिकारियों ने बीएलओ, सुपरवाइजर और कर्मियों के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रपत्रों की शुद्धता, डेटा एंट्री की गुणवत्ता और कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पारदर्शी और विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही और अद्यतन रूप में मतदाता सूची में दर्ज हो, इसके लिए जिला प्रशासन लगातार अभियान की निगरानी कर रहा है।








