Search

July 20, 2026 12:46 am

बंगाल चुनाव में योगदान पर पाकुड़ के दीपक साहा को भाजपा नेतृत्व का प्रशंसा पत्र

पाकुड़। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने वाले भाजपा युवा मोर्चा के पाकुड़ जिलाध्यक्ष दीपक साहा को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रशंसा पत्र भेजकर उनके योगदान की सराहना की है। चुनाव के दौरान उन्हें हाउसग्राम विधानसभा क्षेत्र (विधानसभा संख्या-273) का संगठनात्मक प्रभारी बनाया गया था। भाजपा के अनुसार, हाउसग्राम विधानसभा क्षेत्र में चुनाव अभियान के दौरान दीपक साहा ने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाई। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कलिता मांझी की जीत के बाद पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से जारी पत्र में उनके कार्यों की प्रशंसा की गई है।
प्रशंसा पत्र में कहा गया है कि विपरीत परिस्थितियों और भीषण गर्मी के बीच लगातार क्षेत्र में रहकर उन्होंने संगठन को मजबूती देने में उल्लेखनीय योगदान दिया। पार्टी ने उनके समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की है। दीपक साहा ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से मिली सराहना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ आगे बेहतर काम करने की प्रेरणा भी है।
दीपक साहा को मिले इस सम्मान पर पाकुड़ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!