पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई स्थित एक चाय दुकान से गैस सिलेंडर चोरी मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया एचपी कंपनी का एक गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, तोड़ाई निवासी धनंजय कुमार दास ने 13 जुलाई को हिरणपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी चाय दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर गैस सिलेंडर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 50/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4)/305 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन जांच की। जांच के दौरान चोरी की घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलडीहा गांव निवासी बाबुचन मुर्मू के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी बाबुचन मुर्मू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का लाल रंग का गैस सिलेंडर बरामद हुआ। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रविंद्र सिंह, आरक्षी सुखदेव रजक तथा आरक्षी अमरनाथ यादव शामिल थे।





