राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़): वर्षो बाद जबरदहा मौजा स्थित सरकारी जमीन में निर्मित दुकानों की अंचल प्रशासन लिट्टीपाड़ा द्वारा सघन पड़ताल की जा रही है। जिसमे मूल बंदोबस्ती की यथार्त आकलन की जा रही है। अंचल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस मौजा नम्बर 15 के अनावादी खाता संख्या 95 में केशर ए हिन्द खतियानी में दर्ज है। जिसमे दाग संख्या 521 में एक बीघा दो कठ्ठा डाकघर के नाम दर्ज है। वही दाग संख्या 581 में स्थित आठ बीघा छह धुर दामिन डाक बंगला , दाग संख्या 522 में 40 बीघा , 18 कठ्ठा ,11 धुर सरकारी मवेशी हाट , दा.स.574 में छह बीघा ,एक कठ्ठा पर पशु अस्पताल , दाग संख्या 575 थाना , दाग संख्या 582 में 28 बीघा , 16 कठ्ठा ,11 धुर में दैनिक हाट व दाग संख्या 588 में स्थित 34 बीघा जमीन में कमलघाटी पंचायत भवन , स्कूल , आंगनवाड़ी केंद्र , पुराना प्रखंड व अंचल कार्यालय निर्मित है। अंग्रेज शासनकाल में निर्मित करीब 300 दुकानों की बंदोबस्ती वर्षो पूर्व की गई थी। जिसका लगान भी नियमित रूप से संग्रह होते आ रहा था। पर मिली जानकारी के अनुसार बीते कई वर्षों से राजस्व संग्रह में भारी कमी आ गई है। इसको लेकर अंचलाधिकारी पवन कुमार के निर्देश पर दाग संख्या 582 में स्थित दैनिक हाट की जमीन पर संचालित दुकानों की सघन पड़ताल की जा रही है। जिसमे सरकारी अभिलेखों की अद्यतन करना , वास्तविक दुकान संख्या की आकलन , लंबित लगान की वसूली सहित हटिया परिसर में की गई अवैध निर्माण आदि की जानकारी संग्रह की जा रही है। इस सम्बंध में अंचलाधिकारी ने बताया कि की जा रही सर्वे से संचालित दुकानों की यथार्त स्थिति स्पष्ट हो पायेगा। वही बंदोबस्ती अभिलेखों की भी अनुश्रवण की जा रही है ।केशर ए हिन्द की जमीन पर बिना अनुमति के निर्माण कार्य करना सरासर अवैध है। जांच के दौरान गलत पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथ सहित अन्य जगहों में भी जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।








