Search

July 17, 2026 10:43 pm

5 अगस्त को आएगी प्रारूप मतदाता सूची, 22 जुलाई को हर बूथ पर BLO-BLA-2 की संयुक्त बैठक

पाकुड़। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। उपायुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनेगी। बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठक होगी। इस दौरान निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा किए जाएंगे तथा ASSD सूची का मिलान कर मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्टियों की पहचान की जाएगी, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर मतदाता प्रपत्रों का वितरण पूरा किया जाए और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 को ASSD प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने को भी कहा।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। यदि किसी मतदाता के आवेदन या विवरण में त्रुटि मिलती है तो संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जाएगा। ऐसे मामलों की सुनवाई संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) करेंगे और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!