इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): झारखंड राज्य युवा आयोग के तत्वावधान में शुक्रवार को महेशपुर प्रखंड परिसर में “सशक्त युवा-नशामुक्त समाज” अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभाव से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को बर्बाद कर देता है। युवाओं को नशे की लत से दूर रहकर शिक्षा, खेल और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सशक्त युवा ही एक स्वस्थ और विकसित समाज की मजबूत नींव हैं। इस दौरान कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के कारण बिखरते परिवार, बिगड़ते भविष्य और सामाजिक दुष्परिणामों का सजीव चित्रण किया। नाटक ने उपस्थित युवाओं और ग्रामीणों को गहराई से प्रभावित किया तथा सभी ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कर शपथ ली कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे तथा अवैध एवं हानिकारक नशीले पदार्थों के सेवन और दुरुपयोग को रोकने में सक्रिय सहयोग देंगे।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रखंड के पदाधिकारी, कर्मचारी, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








