रांची। झारखंड के युवाओं को फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और सोशल मीडिया कंटेंट के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में बुधवार को झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई), कोलकाता के बीच एमओयू हुआ। इसके तहत झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (जेएफटीआई) के माध्यम से युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़ी विभिन्न विधाओं का तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एमओयू झारखंड के प्रतिभावान फिल्मकारों और कलाकारों के लिए नई यात्रा की शुरुआत है। जेएफटीआई के शुरुआती चरण में शॉर्ट ड्यूरेशन कोर्स शुरू किए जाएंगे। इनमें साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट व स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों का प्रशिक्षण मिलेगा। इसका लाभ पारंपरिक सिनेमा के साथ ओटीटी और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में भी युवाओं को मिलेगा। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं और राज्य में कई प्रतिभाएं अब भी सामने नहीं आ पाई हैं। संथाली फिल्म आंगेन को मिले राष्ट्रीय सम्मान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को तराशने की जरूरत है। जेएफटीआई इसी दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के कलाकारों को नई तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाएं और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में कई चर्चित फिल्मों की शूटिंग हुई है और राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेएफटीआई के माध्यम से राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता बीजू टोप्पो, आंगेन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित रविराज मुर्मू, बिलोंगिंग टू अनटचेबल गॉड और द टर्टल स्टोरी के लिए सम्मानित अनुज कुमार तथा कुडुख फिल्म एडपा काना के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त निरंजन कुजूर को सम्मानित किया। मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, एसआरएफटीआई के कुलपति समीरन दत्ता समेत कई अधिकारी, शिक्षाविद्, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद थे।








