पाकुड़। NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में पाकुड़ जिला कांग्रेस कमेटी ने पुराना सदर अस्पताल के समीप मुख्य सड़क किनारे एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। धरना को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सह प्रदेश को-ऑर्डिनेटर उदय लखमानी ने कहा कि सरकार को पेपर लीक मामले में जवाब देना होगा। छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों की आवाज को लाठी के बल पर दबाना गंभीर चिंता का विषय है। न्याय की आवाज उठाने वाले राहुल गांधी की गिरफ्तारी से भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बेलाल शेख ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज कर सरकार ने अपनी संवेदनहीनता साबित की है। वहीं पाकुड़ व हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर किसान, युवा और महिलाओं की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
धरना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “छात्रों को न्याय दो”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो”, “अहंकारी भाजपा सरकार होश में आओ” सहित कई नारे लगाए। कार्यक्रम में पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मंसरुल हक, मुजीबुर रहमान, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शाहिन परवेज, ओबीसी जिलाध्यक्ष अमीर हमजा, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद उर्फ बोकुल, मिथुन मरांडी, रसका हेंब्रम, सेमिनल इस्लाम, सलीम, मुखिया असद हुसैन, नगर अध्यक्ष कृष्णा यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।








