पाकुड़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में गुरुवार को शहर में आक्रोश मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने रविंद्र चौक पर केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि छात्र और युवा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन युवाओं को रोजगार देने के बजाय बार-बार परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। इससे मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, केंद्रीय सदस्य श्याम यादव और केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। झामुमो छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है और उनके हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, उमर फारूक, मुस्लोद्दीन अंसारी, कुणाल अल्फ्रेड हेम्ब्रम, सुनील टुडू, जोसेफिना हेम्ब्रम, दासों मुर्मू, तौसीफ इकबाल समेत विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।


Related Posts

नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग।





