Search

July 24, 2026 1:01 am

बारिश में सड़क नहीं, दलदल बन जाता है बलरामपुर का माल टोला; ग्रामीण बोले- विकास के दावे कीचड़ में धंसे।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)सरकार गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने और ग्रामीण विकास के लाख दावे करे,लेकिन लिट्टीपाड़ा प्रखंड की बिचामहल पंचायत अंतर्गत लेटबाड़ी बलरामपुर के माल टोला की तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। बरसात शुरू होते ही यहां की सड़क दलदल में बदल जाती है। हालत ऐसी है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। सड़क पर इतना कीचड़ जमा रहता है कि हर कदम पर फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है।स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के दिनों में घर से बाहर निकलना किसी जोखिम से कम नहीं है। तस्वीरें साफ बता रही हैं कि यह सड़क नहीं, बल्कि कीचड़ का मैदान बन चुकी है।इस स्थिति पर ग्रामीण मनसा माल, मिलन माल, पुतन माल, सुनील माल, जयकुमार माल समेत अन्य लोगों ने गहरा एतराज जताया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बरसात आते ही सारी हकीकत कीचड़ में दब जाती है। उनका कहना है कि बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना हो या बच्चों को स्कूल भेजना, हर दिन मुश्किलों से जूझना पड़ता है।ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बलरामपुर का माल टोला विकास की मुख्यधारा से कब तक यूं ही वंचित रहेगा?

img 20260723 wa0079630811513873597994
मनसा माल ने बताया कि माल टोला की सभी सड़कें बरसात में कीचड़ से लथपथ हो गई हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से निकलना और शाम को वापस घर पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली से ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
img 20260723 wa0078496188170339542005
सुनील माल ने बताया कि शाम के समय यदि किसी बच्चे या बुजुर्ग को पोखरा की ओर जाना पड़े, तो पूरे रास्ते में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इससे फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है और ग्रामीणों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!