पाकुड़। उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को डीसी आवास चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता सह वाहन जांच अभियान चलाया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चले अभियान में वाहन चालकों की जांच करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों व सह-चालकों के हेलमेट, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, निबंधन और नंबर प्लेट की जांच की गई। वहीं ऑटो व टोटो समेत अन्य वाहनों के आवश्यक दस्तावेज भी देखे गए। चालकों को ओवरलोडिंग, प्रेशर हॉर्न, हाई बीम लाइट और वाहनों में अनधिकृत बदलाव से बचने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा। अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन, सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह समेत सड़क सुरक्षा कर्मी व पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।







