इकबाल हुसैन
महेशपुर प्रखंड क्षेत्र के गदरपड़ा से रद्दीपुर को जोड़ने वाली मुख्य पुलिया जर्जर होकर हादसे को आमंत्रण दे रही है। पुलिया की RCC सड़क का कंक्रीट उखड़ जाने से नीचे लगा लोहे का सरिया बाहर निकल आया है। जगह-जगह सड़क टूटने और पुलिया का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुलिया गदरपड़ा और रद्दीपुर के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोग, स्कूली बच्चे और वाहन गुजरते हैं। पुलिया पर निकला सरिया और क्षतिग्रस्त सड़क किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पुलिया की तत्काल जांच कर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।








