पाकुड़। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के मौसी घर में प्रवास के बाद रविवार को अपने धाम लौटने की परंपरा उल्टा रथ यात्रा के साथ पूरी हुई। इस अवसर पर लखनपुर पंचायत में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की अगवानी की। रथ यात्रा में भाजपा नेता बाबुधन मुर्मू और रतन भगत भी श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए। उल्टा रथ यात्रा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भगवान के रथ के आगे बढ़ते ही श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर भगवान जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट की। इस अवसर पर भाजपा नेता बाबुधन मुर्मू ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा सनातन परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। मौसी के घर प्रवास के बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का अपने धाम लौटना भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की भक्ति में पूरे समाज को जोड़ने की अद्भुत शक्ति है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को उल्टा रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में भगवान जगन्नाथ का स्थान अत्यंत विशिष्ट है। यही कारण है कि श्रद्धालुओं में प्रसिद्ध है—‘सारा तीर्थ बार-बार, जगन्नाथ धाम एक बार।’









