पाकुड़। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में देश के वीर जवानों के शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने कारगिल युद्ध के शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित एकांकी और गीतों के जरिए कारगिल के वीर योद्धाओं की वीरगाथा को जीवंत कर दिया। कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल को भावविभोर कर दिया। वहीं, विद्यालय के एनसीसी विंग ने मार्च पास्ट और प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्र रक्षा के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया। प्राचार्य ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के उन वीर सपूतों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम का संचालन हेड बॉय आलोक कुमार ने किया।







