Search

July 25, 2026 10:23 pm

कस्तूरबा विद्यालय में बनेगा नया जिम, गणित की शिक्षिका भी होंगी नियुक्त।

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अमड़ापाड़ा में छात्राओं को बेहतर शिक्षा के साथ खेल और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज होगी। शनिवार को विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचीं उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने उपायुक्त को बताया कि विद्यालय में गणित की शिक्षिका नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर उपायुक्त ने जल्द गणित शिक्षिका की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि शिक्षा उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। छात्राएं लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें। विद्यालय की जिम की मशीनें खराब मिलने पर उपायुक्त ने नया जिम स्थापित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए नियमित व्यायाम जरूरी है। इसके अलावा कबड्डी और वॉलीबॉल मैदान को समतल और व्यवस्थित करने, कबड्डी मैट और खेल किट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने विज्ञान प्रयोगशाला और आईसीटी लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। वहीं, विद्यालय परिसर में प्रस्तावित सेनेटरी कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए चिन्हित स्थल का जायजा लिया। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाई मास्ट लाइट और स्ट्रीट लाइट लगाने का भी निर्देश दिया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

img 20260725 wa00195455154863856269002
img 20260725 wa00224217102354709152889

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!