कारोबारियों ने एसपी से कहा- सुरक्षा बढ़ाएं, फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करें | एसपी ने सीसीटीवी और गश्ती बढ़ाने के दिए निर्देश।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए के आभूषण लूट के बाद अमड़ापाड़ा बाजार के कारोबारियों में भय का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को व्यवसायियों व प्रबुद्ध लोगों ने थाना परिसर में एसपी अनुदीप सिंह से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। व्यवसायियों ने बताया कि 2 सितंबर को मुख्य बाजार स्थित ज्वेलर्स दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। कारोबारियों ने बाजार में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की।
एसपी बोले- जल्द होगी फरार आरोपी की गिरफ्तारी
एसपी अनुदीप सिंह ने कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि लूटकांड को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। एसपी और एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे मामले के उद्भेदन में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि केस की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और जल्द पुलिस को सफलता मिलने की उम्मीद है।

पैदल बाजार पहुंचे एसपी, हर चौक-चौराहे की ली जानकारी
एसपी अनुदीप सिंह, एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार में पैदल पहुंचे। अधिकारियों ने बाजार के प्रमुख चौक-चौराहों, प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी जानीं।
एसपी ने दुकानदारों से दुकानों के अंदर-बाहर, बाजार के प्रवेश मार्गों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपराधियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
टाइगर मोबाइल सक्रिय रखने और गश्ती बढ़ाने का निर्देश
एसपी ने थाना प्रभारी को बाजार क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने और टाइगर मोबाइल सेवा को नियमित रूप से सक्रिय रखने का निर्देश दिया। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रजिस्टर का नियमित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
कोल कंपनियों से बाजार में सीसीटीवी लगाने में सहयोग लेने के सवाल पर एसपी ने कहा कि संबंधित प्रबंधन को भी आवश्यक निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के साथ आम लोगों और व्यवसायियों का सहयोग भी जरूरी है। एसपी से मिलने वालों में नारायण भगत, संजीव भगत, संजय भगत, भूटान भगत, मनोज भगत, संतोष रजक, संतोष भगत, सरोज मंडल और राहुल भगत सहित अन्य व्यवसायी व प्रबुद्ध लोग शामिल थे।







