Search

July 27, 2026 12:46 am

325 साल पुराने राम-सीता मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क जर्जर, श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी

पाकुड़िया। प्रखंड के बड़बिल्ला से गोपालनगर गांव को जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी ग्रेड-2 सड़क जर्जर होने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सावन शुरू होते ही 325 वर्ष पुराने प्रसिद्ध राम-सीता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। बंगाल की सीमा से सटा होने के कारण मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी और कीचड़ जमा हो गया है। वहीं, सड़क पर बिखरे नुकीले पत्थरों और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, आए दिन साइकिल और मोटरसाइकिल सवार फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीण दिनेश शाह और शेलाजीत सोरेन ने बताया कि सड़क का निर्माण वर्ष 2004 में हुआ था। निर्माण के बाद से अब तक सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है। श्रीरामपुर और बड़बिल्ला दोनों ओर से मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते की स्थिति खराब है। सावन में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बावजूद सड़क की बदहाली पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग का ध्यान नहीं गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति का जल्द संज्ञान लेते हुए शीघ्र मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम हो सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!