Search

July 27, 2026 9:55 pm

सरकारी बाजार में उतरने को तैयार हों पाकुड़ के उद्यमी, एमएसएमई ने बताए कारोबार बढ़ाने के रास्ते

पाकुड़। सरकारी खरीद से लेकर बैंक ऋण और ई-टेंडरिंग तक, कारोबार को नई उड़ान देने के लिए पाकुड़ के उद्यमियों को सोमवार को कई अहम जानकारियां दी गईं। रवींद्र भवन (टाउन हॉल) में एमएसएमई मंत्रालय की ओर से आयोजित उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम में 100 से अधिक नए और वर्तमान उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सहयोग से किया गया। विशेषज्ञों ने उद्यमियों को उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण, जीईएम, सरकारी खरीद, ई-टेंडरिंग, राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, बैंक ऋण, क्रेडिट सुविधाओं और सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी। उद्यमियों को बताया गया कि सरकारी खरीद प्रणाली से जुड़कर वे अपने कारोबार के लिए नए बाजार तलाश सकते हैं। सार्वजनिक खरीद नीति के तहत एससी-एसटी स्वामित्व वाले एमएसई से चार प्रतिशत और महिला स्वामित्व वाले एमएसई से तीन प्रतिशत खरीद का प्रावधान भी बताया गया।
कार्यक्रम में एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय धनबाद, राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, जीईएम, जिला उद्योग केंद्र, सीएमपीडीआई, गेल इंडिया, बैंकों, आईसीएआई, जेएसएलपीएस और आरसेटीआई सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने उद्यमियों को कारोबार विस्तार और वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम ने जिले के उद्यमियों को सरकारी योजनाओं और बाजार से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!