Search

July 27, 2026 9:54 pm

जिंदातो के नन्हे फुटबॉलरों ने रचा इतिहास, राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में जीता कांस्य, डीसी ने किया सम्मानित।

पाकुड़। रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकुड़ के नन्हे फुटबॉलरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 बालक टीम ने लोहरदगा को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि पर सोमवार को समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों और कोच को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही फुटबॉल और पानी की बोतल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने कहा कि जिंदातो के बच्चों की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहतर और व्यवस्थित प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार करने की कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास, खेल सामग्री और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान जिंदातो की टीम ने अनुशासन, तकनीकी कौशल, शानदार तालमेल और टीम भावना का परिचय दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया। टीम की सफलता से विद्यालय परिवार और जिले के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत और जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी खिलाड़ियों, कोच और विद्यालय परिवार को बधाई दी।

img 20260727 wa00135076324965242714985

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!