पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान में सक्रिय भागीदारी और सराहनीय सहयोग के लिए बुधवार को कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। पाकुड़ में आयोजित सम्मान समारोह में अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार भेदिया ने जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए अभियान में उनके योगदान की सराहना की।इस अवसर पर बीडीओ ने कहा कि SIR अभियान को सफल बनाने में प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों और विभिन्न स्तरों पर जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रही। पात्र नागरिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करने और आवश्यक प्रपत्र भरने में सहयोग देने से अभियान को गति मिली।।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए पात्र नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। जनप्रतिनिधियों की ओर से लोगों को जागरूक करने और प्रक्रिया में सहयोग देने से अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने में मदद मिली। सम्मानित जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे अभियानों में प्रशासन को सहयोग देने की बात कही।








