पाकुड़। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने शुक्रवार को पुराना डीसी चौक स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रस्तावित प्रतिमा स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि झामुमो के संस्थापक एवं झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता शिबू सोरेन की करीब 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा रही है। आगामी 4 अगस्त को उनकी प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। विधायक ने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड और झारखंडवासियों के हक-अधिकार के लिए जीवनभर संघर्ष किया। राज्य के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, अमड़ापाड़ा प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां, लिट्टीपाड़ा प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा सहित अन्य मौजूद थे।







